गोरखपुर उत्तर प्रदेश डिजिटल डेस्क: एक नाबालिग छोटे भाई पर सनक इस तरह सवार हुई तो उसने अपने बड़े भाई, भावी और भतीजे का बेरहमी से कत्ल कर दिया। मामला गोरखपुर के बांसगांव थाना इलाके का है जहां रविवार देर रात हुई एक भयावह घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
जिस किसी ने भी इस खौफनाक घटना के बारे में सुना, वह हैरान रह गया। एक छोटा भाई इतनी बर्बरता से अपने बड़े भाई के परिवार का कत्ल कैसे कर सकता है?यही सवाल हर जुबान पर था। अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके तीन वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता तीनों घर के एक कमरे में सो रहे थे, तभी आरोपी छोटे भाई ने सोते समय उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस क्रूर वारदात में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी 16 वर्षीय किशोर को भी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी उसके पास से बरामद कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें हैवानियत; पड़ोसी पति पत्नी ने मासूम बच्ची के साथ की बर्बरता, हुई मौत

घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके। मृतक अमित गुप्ता के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक कलह के गंभीर परिणामों को उजागर किया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में मातम का माहौल है। सोमवार की सुबह जब घटना की जानकारी फैली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें डांसर की बेटी से अवैध संबंध के चलते कर दी डांसर की हत्या
