ग्वालियर मध्य प्रदेश: जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरु होने जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में रिक्त पदों के आधार पर यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जो महिलाएं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रूप में काम करना चाहती हैं और अपने क्षेत्र के लोगों को विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाएँ समाज हित की भावना से पहुंचाना चाहती हैं उनके लिए यह रोजगार का एक सुनहरा अवसर है।
कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास उपासना राय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भर्ती की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।जिले की विभिन्न आंगनवाड़ियों में कई पद रिक्त हैं। उनकी भर्ती के लिए यह आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसमें कुल 105 पदों पर भर्ती की जायेगी। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 40 व आंगनवाड़ी सहायिकाओं के 65 पद शामिल हैं। यह भर्ती प्रक्रिया एमपी ऑनलाईन द्वारा निर्मित चयन पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। चयन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन पत्र 10 जनवरी 2026 तक भरे जा सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 12 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें आमलेट का टुकड़ा और एआई से फोटो रीक्रिएशन ने कर दिया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

नियुक्ति से संबंधित नियम, निर्देश, शर्ते, आवेदन का प्रारूप, शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक अर्हताओं की विस्तृत जानकारी चयन पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। विभाग द्वारा अभ्यथियों से अपील की गई है कि आवेदन करने से पूर्व सभी दिशा- निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह यह भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाईन माध्यम से की जा रही है, जिससे पात्र महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। विस्तृत जानकारी के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला-बाल विकास के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें ठगी का खौफनाक अंत; पूर्व आईजी ने ठगी में करोड़ों गंवाने के बाद खुद को मारी गोली
