भोपाल मध्य प्रदेश: भोपाल में स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV University) एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां कैंपस की मुख्य कैंटीन को लेकर छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दावा किया जा रहा है कि परोसे गए खाने में एक मरी हुई छिपकली मिली। छात्र मरी हुई छिपकली वाला खाना लेकर कैंटीन संचालक के पास तक पहुंचे थे, लेकिन कैंटीन संचालक यह मानने को तैयार ही नहीं कि यह छिपकली है और संचालक ने अपनी बात को साबित करने के लिए वह टुकड़ा शिमला मिर्च कहते हुए निगल लिया। जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें पर्यटन महकेगा तो विकास चहकेगा, माफिया, अपराध, रोजगार जैसी समस्याओं को विराम लगेगा

बताया जा रहा है कि 18 मार्च की रात कुछ छात्र कैंटीन में डिनर कर रहे थे। उन्हें दाल, रोटी, चावल और शिमला मिर्च की सब्जी दी गई थी। खाना खाते समय एक छात्र को सब्जी का स्वाद असामान्य लगा। जब उसने ध्यान से देखा, तो उसमें एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे छात्र छिपकली बता रहे हैं। यह देखते ही अन्य छात्र भी सतर्क हो गए और तुरंत कैंटीन स्टाफ को इसकी सूचना दी।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब कैंटीन कर्मचारी ने उस टुकड़े को छिपकली मानने से इनकार कर दिया। छात्रों के मुताबिक, कर्मचारी ने उसे शिमला मिर्च बताते हुए खुद खाकर दिखाया। इस पूरी घटना को वहां मौजूद छात्रों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें इंस्टाग्राम पर हाईटेक सेक्स रैकेट, हैरान करने वाला खुलासा
इस घटना के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि कैंटीन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन सुधार के ठोस कदम नहीं उठाए गए। छात्रों ने वाइस चांसलर को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

