डिजिटल डेस्क नई दिल्ली: लंबे समय से प्रतीक्षित देश में जाति जनगणना साल 2027 से शुरू हो सकती है। देश में जातीय जनगणना दो फेज में कराई जाएगी. इसका पहला फेज एक अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। वहीं दूसरे फेज की शुरुआत एक मार्च 2027 से होगी. चार पहाड़ी राज्यों में जनगणना साल 2026 के अक्टूबर में ही होगी, जिसमें उत्तराखंड, लद्दाख, जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सरीखे राज्य शामिल है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, चार साल की देरी के बाद जाति गणना के साथ-साथ राष्ट्रीय जनगणना 1 मार्च, 2027 से शुरू होगी। कथित तौर पर, बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय जनगणना की तैयारियां निर्धारित की गई हैं। हालांकि, सरकार की तरफ से ऑफिशियल तारीख की पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने जनसंख्या और जाति जनगणना दोनों के लिए एक अस्थायी कार्यक्रम तय किया है। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया पूरे देश में 1 मार्च 2027 से शुरू होगी. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में यह प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। इस जनगणना के साथ जातिगत जनगणना को भी शामिल किया गया है।

देश की जनसंख्या की गिनती 1951 से हर 10 साल में की जाती रही है, लेकिन 2021 में जनगणना का काम कोविड-19 महामारी के कारण नहीं किया जा सका. जनगणना आयुक्त कार्यालय ने जनगणना के दौरान नागरिकों से पूछे जाने वाले 31 प्रश्न तैयार किए थे. जनगणना 2021 को भी इसी तरह दो फेजों में आयोजित करने का प्रस्ताव था, पहला फेज अप्रैल-सितंबर 2020 के दौरान और दूसरा फेज फरवरी 2021 में आयोजित किया जाना था।2021 में आयोजित की जाने वाली जनगणना के पहले फेज की सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं और 1 अप्रैल, 2020 से कुछ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में क्षेत्रीय कार्य शुरू होने वाला था. लेकिन देश भर में कोविड-19 महामारी के प्रकोप के कारण जनगणना का काम स्थगित करना पड़ा. बता दें कि देश में पिछली बार जनगणना साल 2011 में हुई थी।

