डिजिटल डेस्क नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने एक नया इतिहास रचना है और साथ ही महिला सशक्तिकरण का।एक बड़ा उदाहरण भी पेश किया है। भारतीय नौसेना में पहली बार एक महिला को फाइटर पायलट बनाया गया है। सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया इस खास उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली महिला हैं। इससे पहले नौसेना में महिलाओं को केवल टोही विमान और हेलीकॉप्टर उड़ाने का मौका मिला था, लेकिन अब आस्था लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पहली महिला पायलट बन गई हैं। भारतीय नौसेना देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और आस्था की इस भूमिका से नौसेना की ताकत और भी बढ़ जाएगी।
भारतीय नौसेना ने अपने आधिकारिक एक्स पर आस्था पुनिया की तस्वीर के साथ एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में लिखा गया है कि “नेवल एविएशन के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। 3 जुलाई 2025 को इंडियन नेवल एयर स्टेशन में द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के समापन के अवसर पर लेफ्टिनेंट अतुल कुमार ढुल और एसएलटी आस्था पुनिया को रियर एडमिरल जनक बेवली, एसीएनएस (वायु) द्वारा ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।” नौसेना ने स्पष्ट किया है कि आस्था पुनिया नेवल एविएशन के फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला पायलट हैं।
आस्था को किस फाइटर एयरक्राफ्ट पर उड़ान भरने का मौका मिलेगा, इस बारे में अभी तक नौसेना ने कोई भी जानकारी साझा नहीं की है। भारतीय नौसेना के पास कुछ खास फाइटर एयरक्राफ्ट मौजूद हैं, जिनमें मिग-29 शामिल है। ये फाइटर एयरक्राफ्ट आईएनएस विक्रमादित्य और आईएनएस विक्रांत जैसे विमानवाहक पोतों से ऑपरेट किए जाते हैं। मिग-29 की कॉम्बैट रेंज लगभग 722 किलोमीटर है, जबकि इसका सामान्य उड़ान रेंज 2346 किलोमीटर है। यह विमान 450 किलोग्राम तक के बम, मिसाइल और अन्य हथियार ले जाने में सक्षम है। इस उपलब्धि के साथ आस्था पुनिया भारतीय नौसेना के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर चुकी हैं।
