जबलपुर मध्य प्रदेश: जबलपुर से 50 किलोमीटर दूर खितौला स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में 14 करोड़ की डकैती के मामले में जबलपुर पुलिस को बड़ा अपडेट मिला है। इस डकैती में झारखंड की गैंग भी शामिल थी, जिसके पांच सदस्य घटना के बाद सोना और नकदी लेकर फरार हो गए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार एसटीएफ ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों को बिहार से जबलपुर लाया गया है। बैंक से 14 किलो 800 ग्राम सोना और पांच लाख रुपये लूटे गए थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जबलपुर की इस बड़ी डकैती के तार बिहार से जुड़े पाए गए थे। इसके बाद डीएसपी आनंद कुमार के नेतृत्व में STF की विशेष टीम गठित की। पहले से गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान गया जिले से दो को दबोचा गया। राजेश दास उर्फ आकाश दास, निवासी डोभी थाना क्षेत्र के बीजा टोला और दूसरा इंद्रजीत दास उर्फ सागर, निवासी शेरघाटी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

झारखंड गैंग के सदस्य डकैती का सोना अपने साथ ले गये थे। उन्होंने गिरफ्तार किये गये आरोपियों को आश्वासन दिया था कि जेवरात बेचने में पकडे़ जाने का डर है। इसलिए वह सोने को बिस्किट के रूप में तब्दील कर उनका हिस्सा भिजवा देंगे। झारखंड गैंग के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीम बनाई थीं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 3.112 किलो सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपियों को लेकर बिहार गई जबलपुर पुलिस अब लौट रही है।
11 अगस्त सोमवार की सुबह 8.50 बजे हेलमेट पहनकर पहुंचे तीन युवकों ने खितौला थाना अंतर्गत स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक की शाखा में पिस्टल के बल पर लॉकर में रखा लगभग 15 किलो सोना तथा पांच लाख रुपये की डकैती डाली है। तीनों आरोपी युवकों के दो साथी मोटरसाइकिल लेकर खड़े हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिल में बैठकर फरार हो गये थे। घटना के समय फाइनेंस बैंक में सिर्फ चार कर्मचारी ही मौजूद थे। आरोपी युवकों ने 20 मिनट में वारदात को अंजाम दिया गया था। सीसीटीवी कैमरा फुटेज के अनुसार आरोपी ने हाईवे छोड़कर मझौली रोड पर गये थे और इंद्राना में कपड़े बदले।
