ग्वालियर भोपाल मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए शनिवार का दिन गणेश विसर्जन के साथ इसलिए भी शुभ रहा क्योंकि लंबे समय बाद भाजपा और बसपा के 66 कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए. इन कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया. इसके बाद पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हैं, तो आपको पता होना चाहिए कि हमारा मुकाबला किससे है. पटवारी ने आगे कहा कि हमारा मुकाबला नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस से है जो झूठ को सच बताकर श्रेय ले रहे हैं।
शनिवार को जिन 66 भाजपा-बसपा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है, वो सभी कार्यकर्ता ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के हैं. इनमें भाजपा के 60 पूर्व कार्यकर्ता, जिनमें पूर्व जनपद अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व जिला मंत्री महिला मोर्चा पुष्पा जाटव, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष महबूब अली समेत अन्य भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हैं. जबकि बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बाल किशन राजे और पूर्व सरपंच माराज सिंह समेत 6 लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा है.
आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि “25 मिनट में हमारी सेना ने पाकिस्तान के 9 ठिकानें नेस्तनाबूद कर दिए. हमारे विदेश मंत्री बताते रहे कि हम यहां अटैक कर रहे, वहां अटैक कर रहे. उस समय पूरा देश साथ-साथ था. राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और देश का एक-एक नागरिक सेना और सरकार के साथ था. लेकिन जब पाकिस्तान पर कब्जा करने का समय आया तो ट्रंप ने कहा चुप, तो चुप हो गए. पटवारी ने कहा मैं आप लोगों से ये बात इसलिए कह रहा हूं क्योंकि आप लोगों ने इसे जिया है. जब ये थाली बजवा रहे थे, तब आप लोग भी आए होंगे थाली बजाने, जब बीजेपी में थे.”

जीतू पटवारीने कहा कि “15-18 महीने पहले जो लोग पार्टी छोड़कर जा रहे थे, उनकी लिस्ट बना ली गई थी. जिनके डंपर चलते थे, अवैध कॉलोनियों, अवैध शराब और अवैध क्रेशर समेत अन्य गलत कामों में लिप्त थे. जिनकी कांग्रेस में कोई आस्था नहीं थी, वो अपने व्यापार का पालन-पोषण करने के लिए कांग्रेस का दामन थाम कर रखे थे. ऐसे लोग ही छोड़कर गए हैं. आज हमारे साथ जो लोग जुड़ रहे हैं, यदि भाजपा में जुड़ते तो भाजपा इसका बड़ा इवेंट बनाती लेकिन हम इसमें भरोसा नहीं रखते.”
