सागर, मध्यप्रदेश: सागर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कंटेनर ने ऐसी तबाही मचाई कि जिसने भी देखा, उसका दिल दहल गया। कन्टेनर की टक्कर से एक के बाद एक लगातार पांच गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक शव पड़े रहे और लंबा जाम लग गया। यह दर्दनाक घटना शनिवार को सागर-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर झिरा घाटी में हुई।
सागर की ओर से नरसिंहपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर की रफ्तार घाटी में बेकाबू हो गई। सामने से आ रही बाइक को उसने इतनी जोर से टक्कर मारी कि बाइक को करीब 15 फीट तक घसीटते ले गया। हादसे में बाइक पर सवार सतीश (28) और अजय लोधी (26) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक दोनों युवक सागर जिले के मढ़ पिपरिया गांव के रहने वाले थे और किसी काम से बरमान जा रहे थे। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और बाइक के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे 5 वाहन भी आपस में टकरा गए। इनमें हाईवा, पिकअप और दो कारें शामिल थीं। इस भिड़ंत में एक महिला समेत दो लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं, हादसे में बाइक सवार युवकों के साथ-साथ दो गायों की भी मौत हो गई। कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां लगे जाम को खुलवाया। सुआतला थाना प्रभारी बीएल बनवारी ने बताया कि कंटेनर चालक हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर समेत उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने आगे कहा कि कंटेनर की तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर ड्राइवर भाग रहा था, जिसे पकड़ लिया गया है।
